
बांसडीह (बलिया)। नगर पंचायत बांसडीह के चेयरमैन सुनील सिंह द्वारा भुतेश्वर नाथ तालाब पर पथवे (मार्ग) निर्माण कार्य का शुभारंभ किया गया। यह परियोजना नगरवासियों के लिए एक बड़ी सौगात के रूप में सामने आई है। पथवे के निर्माण से न केवल तालाब की सुंदरता में वृद्धि होगी, बल्कि नागरिकों को सैर, योग और धार्मिक गतिविधियों के लिए एक बेहतर स्थल प्राप्त होगा।
चेयरमैन सुनील सिंह ने बताया कि यह पथवे क्षेत्र के धार्मिक व सांस्कृतिक महत्व को नई पहचान देगा। भुतेश्वर नाथ तालाब वर्षों से आस्था का केंद्र रहा है, और अब इसके चारों ओर विकसित हो रहा मार्ग इसे पर्यटन की दृष्टि से भी महत्वपूर्ण बना देगा।
स्थानीय नागरिकों ने चेयरमैन के इस प्रयास की सराहना करते हुए कहा कि यह कार्य वर्षों से लंबित था, जिसकी पूर्ति अब हो रही है। नगर के वरिष्ठजन, महिलाएं और युवा इस पहल से बेहद प्रसन्न हैं।
नगरवासियों ने उम्मीद जताई कि इस प्रकार के कार्यों से बांसडीह नगर पंचायत का चहुंमुखी विकास सुनिश्चित होगा।