Saturday , June 10 2023
Home / प्रादेशिक / उत्तर प्रदेश / यूपी में कोहरे और ठंड का कहर, पारा और गिरने के आसार

यूपी में कोहरे और ठंड का कहर, पारा और गिरने के आसार

12_12_2016-12-12-2016-up-0प्रदेश में दिसंबर के दूसरे हफ्ते से ही कोहरे व ठंड की वजह से जनजीवन पूरी तरह प्रभावित है। मौसम विभाग के मुताबिक, पिछले रिकॉर्ड टूट सकते हैं और पारा जीरो डिग्री तक गिर सकता है।

लखनऊ (जेएनएन)। उत्तर प्रदेश में ठंड का कहर बढ़ता ही जा रहा है। आज राजधानी लखनऊ सहित सभी शहर कोहरे की गिरफ्त में हैं। लोगों का बुरा हाल है। माना जा रहा है कि आने वाले दिनों में पारा और नीचे जा सकता है।

प्रदेश में दिसंबर के दूसरे हफ्ते से ही कोहरे और ठंड की वजह से जनजीवन पूरी तरह प्रभावित हो गया है। मौसम विभाग के मुताबिक, अच्छे मानसून व पछुआ हवाओं की वजह से पिछले कई रिकॉर्ड टूट सकते हैं और पारा जीरो डिग्री तक गिर सकता है। यूपी मौसम विभाग के निदेशक जेपी गुप्ता के अनुसार, अधिक नमी और पछुआ हवाओं के चलते पूरे सीजन तापमान कम ही रहेगा. फरवरी तक अधिकतम तापमान 25 डिग्री सेल्सियस से ऊपर जाने के असार नहीं हैं।

इसके बीच में कभी-कभार बारिश होने की भी संभावना है। गुप्ता ने बताया कि पूरे सप्ताह कोहरे पडऩे की संभावना है और 13 दिसंबर के बाद कोहरे का असर और बढ़ सकता है। उन्होंने कहा कि साइबेरियन क्षेत्र से आने वाली हवाएं हाई प्रेशर के चलते नीचे आती हैं। यह स्थितियां अक्टूबर से ही बनने लगी थी। इसके कारण ही तापमान समय से पहले ही गिरने लगा था। इसके अलावा मानसून में ज्यादा बारिश होने की वजह से वायुमंडल और धरती में नमी की मात्रा ज्यादा है। इसी कारण पिछले वर्ष के मुकाबले इस वर्ष दिसंबर में ही पारा ज्यादा तेजी से नीचे चला गया है।

मौसम विभाग के अनुसार आज लखनऊ का न्यूनतम तापमान 10 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जबकि अधिकतम तापमान 21 डिग्री सेल्सियस के आसपास बने रहने का अनुमान व्यक्त किया गया है। आज बनारस का न्यूनतम तापमान नौ डिग्री सेल्सियस, कानपुर का 10.2 डिग्री सेल्सियस, गोरखपुर का 12 डिग्री सेल्सियस, झांसी का 11 डिग्री सेल्सियस और इलाहाबाद का 9.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *