Friday , December 1 2023
Home / प्रादेशिक / स्नातक एमएलसी चुनाव में भाजपा ने कानपुर, गोरखपुर और बरेली सीट जीती

स्नातक एमएलसी चुनाव में भाजपा ने कानपुर, गोरखपुर और बरेली सीट जीती

खंड शिक्षक व स्नातक निर्वाचन क्षेत्र के चुनाव में भाजपा ने सभी दलों को चारो खाने चित कर दिया। पांच में से घोषित तीन सीटों पर भाजपा प्रत्याशी विजयी रहे हैं। कानपुर खंड स्नातक निर्वाचन की मतगणना के बाद भाजपा प्रत्याशी अरुण पाठक ने अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी मानवेंद्र स्वरूप को लगभग नौ हजार मतों से पराजित कर दिया। इसी तरह से गोरखपुर-फैजाबाद स्नातक चुनाव में भाजपा प्रत्याशी देवेंद्र प्रताप सिंह ने माध्यमिक शिक्षक संघ शर्मा गुट के संजयंन त्रिपाठी से जीत दर्ज की। बरेली मे भी भाजपा प्रत्याशी जयपाल सिंह व्यस्त ने जीत दर्ज की है। झांसी में सुरेश त्रिपाठी ने जीत दर्ज की है।

कानपुर-उन्नाव खंड स्नातक सीट से एमएलसी का चुनाव भाजपा के अरुण पाठक ने 9154 वोटों से जीत लिया। अरुण को कुल 40633 वोट मिले जबकि मानवेंद्र स्वरूप को 31479 वोटों से ही संतोष करना पड़ा। प्रथम वरीयता में ही अरुण को जीत हासिल हो गई। अरुण दूसरी बार स्नातक एमएलसी बनने जा रहे हैं।

कानपुर नगर, देहात और उन्नाव शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र का चुनाव राज बहादुर सिंह चंदेल ने 708 वोट से जीत लिया है। वे पांचवीं बार शिक्षक एमएलसी का चुनाव जीते हैं। शुक्रवार रात दो बजे तक 13 राउंड की चली मतगणना में राज बहादुर को 4288 वोट मिले। हेमराज सिंह गौर 3575 वोट पा सके। सपा प्रत्याशी चौधरी रामवीर सिंह यादव की करारी हार हुई है। वे 2000 वोट भी नहीं पा सके और पांचवें स्थान पर रहे।

विधान परिषद के गोरखपुर-फैजाबाद स्नातक निर्वाचन क्षेत्र से भाजपा के प्रत्याशी देवेंद्र प्रताप सिंह जीते। द्वितीय वरीयता के मतों की गणना के बाद उन्हें कुल 38760 मत प्राप्त हुए। उन्होंने अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी माध्यमिक शिक्षक संघ शर्मा गुट के प्रत्याशी डॉ संजयंन त्रिपाठी को 6564 मतों के अंतर से हराया। डॉ संजयन को 32196 मत प्राप्त हुए। इसमें कुल 17 उम्मीदवार भाग्य आजमा रहे थे। निर्वाचन अधिकारी गोरखपुर मण्डल के आयुक्त अनिल कुमार ने द्वितीय वरीयता के मतों की गिनती पूरी होने के बाद शनिवार की रात लगभग 9:50 बजे परिणाम की घोषणा की।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *